पानीपत। बिहार निवासी सीआरपीएफ के एक जवान का मोबाइल चोरी कर उसमें यूपीआई के माध्यम 99 हजार रुपये की ठगी कर ली। जवान गत दिनों जम्मू कश्मीर के अनंतनाग से छुट्टी पर अपने घर वापस जा रहा था। जीआरपी ने दिल्ली से जीरो एफआईआर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिहार के जहानाबाद जिले के काको गांव के संजय पासवान ने जीआरपी को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह सीआरपीएफ में जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में कार्यरत है। वह 22 अप्रैल को ट्रेन में जम्मू स्टेशन से दिल्ली सराय रोहिला जा रहा था। बोगी नंबर बी-8 के बर्थ नंब 38 पर सफर कर रहा था। ट्रेन पानीपत रेलवे स्टेशन से गुजरी तब उसके पास उसका मोबाइल था। वह मोबाइल सिर के नीचे रखकर सोगया। वह दिल्ली पहुंचा तो उसका मोबाइल नहीं था। उसने अपना बैंक खाता बंद कराने का प्रयास किया। उनको पता चला कि यूपीआई के माध्यम बैंक खाते से 99 हजार रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं। उन्होंने पटना रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को इसकी शिकायत दी। जीआरपी पटना ने जीरो एफआईआर कर पानीपत जीआरपी को भेजी।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक ऋषि कुमार ने बताया कि इस मामले में बीएनएस की धारा 305 व 318(4) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उनको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।