संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत/करनाल। होला मोहल्ला के उपलक्ष्य में अंतरराष्ट्रीय गतका मुकाबला श्री आनंदपुर साहिब में 13, 14 और 15 मार्च को किया जाएगा।
इसमें चयन के लिए मंगलवार को करनाल के गुरुद्वारा डेरा कार सेवा में प्रदेश स्तरीय मुकाबले कराए गए जिसमें राज्य के 10 युवकों का चयन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए किया गया है।
ऑडीशन मुकाबला खालसा गतका फाउंडेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिरोमणि पंथ रत्तन जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह, 96 करोड़ी बुद्धा दल के संयोजन में हुआ। प्रदेशभर की 20 गतका टीमें करनाल पहुंचीं। जिसमें से पानीपत के रोहनप्रीत, अंबाला के राजवीर सिंह, जगाधरी के सरबजीत सिंह, पानीपत के हर्षदीप, पानीपत के गुरु जीवन सिंह, पानीपत के जसप्रीतसिंह, जगाधरी के साहिब सिंह, करनाल के हरदीप सिंह और निसिंग के अनमोल ने ये मुकाबला जीत लिया।
इनका चयन श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए हो गया है। इस मुकाबले के मुख्य अतिथि गुरुद्वारा डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा सुखा सिंह रहे। उन्होंने युवकों से अनुरोध किया की गुरु गोबिंद सिंह जी के दिखाए मार्ग पर चलें और ज्यादा से ज्यादा गतके की ओर ध्यान दें। सिख युवकों को अधिक से अधिक गतके का प्रदर्शन
करना चाहिए।
खालसा गतका फेडरेशन के सदस्यों ने सुरेंद्र पाल रामगढि़या को हरियाणा का प्रदेशाध्यक्ष चुना गया।