पानीपत। औद्योगिक नगरी में वर्किंग वूमन होस्टल और लेबर हॉस्टल बनाए जाएंगे। इनके साथ ओल्ड एज होम और लड़कों व लड़कियों का अनाथालय बनाया जाएगा। नगर निगम ने पुराने कोर्ट भवन में इनको प्रस्तावित किया है।
इनको लेकर दो प्रस्ताव बनाकर निदेशालय में भेजा गया है। इन प्रोजेक्ट का करीब 98 करोड़ रुपये का एक प्रस्ताव बनाकर शहरी स्थानीय निकाय के निदेशक को भेजा है। वहीं दूसरा प्रस्ताव पुराना कोर्ट की जमीन लेने को लेकर एचएसआईआईडीसी को पत्र लिखा है। पानीपत में करीब 25 हजार छोटे और बड़े उद्योग हैं। यहां लेबर हॉस्टल और वर्किंग वूमन हॉस्टल की जरूरत है। वर्किंग वूमन हॉस्टल पानीपत में दूसरे शहर व प्रदेश से आने वाली महिलाओं के लिए होगा। वे यहां अपनी नौकरी करने के बाद आसानी से रह सकेंगी। अब तक उनको पीजी या फिर बाहर कमरा किराये पर लेकर रहना पड़ता है। शहरी विधायक प्रमोद विज ने अपने पहले प्लान में मुख्यमंत्री के सामने रखी थी। मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की थी। नगर निगम ने इनको लेकर प्रस्ताव बनाया।
ओल्ड एज होम और अनाथालय भी होगा ः पश्चिमी सभ्यता के लगातार हावी होने पर ओल्ड एज होम समय की जरूरत बन गई है। नगर निगम द्वारा सनौली रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी में ओल्ड एज होम बनाया गया है। नगर निगम ने नए ओल्ड एज होम में आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है। यह पुराना कोर्ट में बनाना प्रस्तावित है। इसके अलावा यहां लड़कों व लड़कियों के लिए अलग-अलग अनाथालय होंगे।
एचएसआईआईडीसी से एनओसी मांगी ः नगर निगम ने एचएसआईआईडीसी से पुराना कोर्ट की जमीन को लेकर एनओसी की मांग की है। इसके बाद ही निगम इनका टेंडर लगाएगा। जानकारों की माने तो एनओसी की फाइल शहरी स्थानीय निकाय विभाग से मंजूरी के बाद उच्चाधिकारियों के पास विचाराधीन है।