संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। उपमंडल के बड़े गांवों में से एक मनाना गांव को जोड़ने वाले मुख्य रास्तों की हालत इस कदर खस्ता हो चुकी है कि ग्रामीणों के लिए अब गांव से बाहर निकलना भी एक बड़ी मुसीबत बन गया है। मनाना से ढोडपुर, मनाना से खलीला, मनाना से किवाना और मनाना से जीटी रोड तक जाने वाली चारों सड़कें टूट-फूट चुकी हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई भी विभाग इसकी सुध लेने को तैयार नहीं। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
मनाना से किवाना रोड का निर्माण मार्केटिंग बोर्ड द्वारा किया जाना है। बोर्ड ने पिछले दो महीने से इस सड़क को खोदकर छोड़ रखा है। सड़क के दोनों छोरों पर गहरे गड्ढे होने के कारण आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीण मुकेश, राजेश, बल्लू, ईश्वर, सतपाल और प्रेम सिंह ने बताया कि समालखा जाने के लिए अब केवल यही एक रास्ता बचा है। इसे विभाग द्वारा मात्र 12 फीट चौड़ा बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर साइलो (अनाज भंडारण केंद्र) स्थित है। फसल के सीजन में गेहूं और जीरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व बड़े ट्रक इसी रास्ते से होकर साइलो में आते हैं। ऐसे में भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए इस रास्ते को कम से कम 22 फीट चौड़ा किया जाना बेहद जरूरी है।
लटका पड़़ा है काम : मनाना से जीटी रोड और खलीला रोड का निर्माण लोक निर्माण विभाग के अधीन है, लेकिन दोनों ही रास्ते बदहाली के आंसू रो रहे हैं। समालखा जीटी रोड पर बन रहे ओवरब्रिज को शुरू हुए छह वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन यह आज तक पूरा नहीं हो पाया है, जबकि अंडरपास का काम भी अधूरा पड़ा है। यह रास्ता करीब छह गांवों को आपस में जोड़ता है। रोजाना यहां से स्कूली बसें, छात्र, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं और बच्चे पैदल चलकर जीटी रोड तक जाते हैं। करीब एक किलोमीटर का यह पूरा टुकड़ा इतना खस्ताहाल है कि बारिश के दिनों में यहां कीचड़ हो जाता है और सूखा होने पर धूल के गुबार उड़ते हैं, पैदल चलना भी असंभव हो जाता है।
मौसम ठीक होते ही किवाना रोड का निर्माण कार्य शुरू होगा। फिरनी के पास 150-150 मीटर के हिस्से में 18 फीट की चौड़ाई में ब्लॉक (इंटरलॉकिंग टाइल्स) लगाए जाएंगे, जबकि बाकी का रोड 12 फीट चौड़ा ही बनेगा। -नीरव त्यागी, एसडीओ, मार्केटिंग बोर्ड
मनाना से खलीला रोड पर निर्माण कार्य चालू है। बरसात रुकते ही इस काम को तेजी से पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही, मनाना से जीटी रोड वाले रास्ते का भी जल्द ही टेंडर लगाकर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। -संजीव कुमार, एसडीओ, पीडब्लूडी।
जीटी रोड से मनाना रोड पर टूटी सड़क और जमा पानी। संवाद