पानीपत। उपायुक्त निवास के सामने बाइक सवार चार बदमाशों ने स्कूटी से घर जा रहे दो भाइयों के साथ लूटपाट की। भुक्तभोगी के अनुसार आरोपियों ने पहले मारपीट की, उसके बाद फोन और 16 हजार रुपये नकद छीन लिए। अंत में गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गए। शहर थाना की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सेक्टर छह निवासी राजवंशी ने बताया कि वह स्कूटी पर दुकान से घर जा रहे थे। साथ में छोटा भाई संजीव और गोपाल भी था। जब वह डीसी निवास के सामने जीटी रोड पर पहुंचे तो एक बाइक पर चार युवक अचानक उनके सामने आ गए और स्कूटी की चाबी निकालकर फेंक दी। वे उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसका और भाई संजीव का मोबाइल छीन लिया। इसके अलावा 16 हजार रुपये और संजीव के गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।