पानीपत। डेरे पर तीन महिलाओं के साथ सामूहिक दुराचार और लूटपाट और हत्या के मामले में गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को सीआईए-1 ने दो दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। पुलिस आरोपियों से सामूहिक दुराचार मामले में पूछताछ करेगी।
इससे पहले पुलिस ने मछली फार्म पर लूट और महिला की हत्या के मामले में रिमांड पर लिया था। सरगना ने गत दिनों जिला जेल में सलाखों पर सिर मारकर आत्महत्या का भी प्रयास किया था। पुलिस को इसके साथ आरोपियों से अन्य मामलों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस लूट के 13 हजार रुपये और जेवरात बरामद करेगी।
सीआईए-1 ने जिला जेल में बंद सामूहिक दुराचार के सरगना राजू उर्फ राजीव और सदस्य नरेंद्र, जयभगवान और नवीन को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने चारों का दो दिन के पुलिस रिमांड मंजूर किया। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी कि इसके अलावा वह कितनी वारदात को अंजाम दे चुके है, वह वारदात में प्रयोग अवैध पिस्तौल कहां से लेकर आए थे, किसने उनको रहने के लिए पनाह दी? पुलिस उनको भी अब गिरफ्तार करेगी।
सीआईए-3 की पूछताछ में सरगना राजीव उर्फ राजू ने बताया है कि उसने इसराना थाना क्षेत्र के एक खेत में भी अपने दो साथियों के साथ सामूहिक दुराचार की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अब इस एंगल पर जांच को आगे बढ़ा रही है। बता दें कि पुलिस इससे पहले सामूहिक दुराचार और मछली फार्म पर महेंद्रपाल के साथ मारपीट, उसकी पत्नी बिमला की हत्या और पांच हजार रुपये लूटने के मामले सरगना राजू, उसके भाई सोनू, साथी नरेंद्र, जयभगवान और नवीन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दुराचार के मामले में एक आरोपी ज्योति आत्महत्या कर चुका है। जबकि पुलिस पूछताछ से बचने के लिए सरगना भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका है।