पानीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी करीब 22 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान जिला स्तरीय कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम के तहत जिला नागरिक अस्पताल में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एमआरआई सेंटर और एसएनएसपी क्लीनिक का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही पीएचसी काबड़ी, पीएचसी सींक, एसएचसी परढ़ाना, एसएचसी पाथरी, एसएचसी शाहपुर, एसएचसी खोजकीपुर और एसएचसी भाऊपुर सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इनमें पीएचसी काबड़ी पर लगभग 458.55 लाख रुपये तथा पीएचसी सींक पर लगभग 484.76 लाख रुपये की लागत से कार्य किया जाएगा। वहीं एसएचसी परढ़ाना, पाथरी, शाहपुर, खोजकीपुर और भाऊपुर पर प्रत्येक केंद्र पर लगभग 55.50 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य होंगे। इन सभी परियोजनाओं का निष्पादन जिला परिषद के माध्यम से किया जाएगा।
पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि राज्य सरकार गांव से लेकर शहर तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में एक अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक करीब 85 हजार लाभार्थियों को लगभग 20 करोड़ रुपये का कैशलेस उपचार मिला है। इनमें सरकारी अस्पतालों में 40 हजार मरीजों का करीब 9.06 करोड़ रुपये और निजी अस्पतालों में 4016 मरीजों का लगभग 10.09 करोड़ रुपये का इलाज शामिल है।
कृष्णलाल पंवार ने कहा कि सितंबर 2018 से अप्रैल 2026 तक जिले में लगभग दो लाख मरीजों ने आयुष्मान योजना के तहत करीब 42 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अब लगभग सभी प्रकार की जांच और उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, एसडीएम मनदीप कुमार, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, डॉ. केतन भारद्वाज, डॉ. अमित पौरिया, डॉ. अमित, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, डॉ. रिंकू सांगवान, डॉ. मनीष, डॉ. ललित कुंडू और फार्मासिस्ट मोनू मलिक मौजूद रहे।
अस्पताल के पार्क में बनेगी अमृत फार्मेसी
जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी के लिए पहले वीटा बूथ के पास स्थान चिन्हित किया गया था, लेकिन इमरजेंसी मार्ग में वाहनों की समस्या को देखते हुए अब इसे अस्पताल के पार्क में स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसका शिलान्यास हो चुका है और जल्द ही यह फार्मेसी तैयार हो जाएगी। इससे मरीजों को गंभीर बीमारियों की दवाएं कम कीमत पर उपलब्ध हो सकेंगी।
जिला नागरिक अस्पताल के पार्क में बनेगी अमृत फार्मेसी। संवाद