पानीपत। खेलों के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहे पानीपत को पहली बार राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा। 12 जनवरी से शुरू होने वाली यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 16 जनवरी तक चलेगी। इसमें देशभर से आए स्कूली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पांच दिवसीय इस आयोजन में फुटबॉल अंडर-17 और कबड्डी अंडर-19 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर जिला शिक्षा विभाग पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है। खेल स्थलों की व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिताओं को लेकर जिले के खेल प्रेमियों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
एईओ रविंद्र अंतिल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना जिले के लिए गर्व की बात है। इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर के मुकाबले देखने और सीखने का अवसर मिलेगा, बल्कि पानीपत की पहचान राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग, खेल विभाग और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि खेल छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भाग लेंगी। फुटबॉल अंडर-17 के मुकाबले जहां रोमांच से भरपूर होंगे, वहीं कबड्डी अंडर-19 में खिलाड़ियों की ताकत, फुर्ती और रणनीति देखने को मिलेगी। 16 जनवरी को समापन समारोह के साथ प्रतियोगिताओं का समापन होगा, जिसमें विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
वर्जन-
राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से पानीपत न केवल खेल नगरी के रूप में उभरेगा, बल्कि आने वाले समय में बड़े खेल आयोजनों के लिए भी मार्ग प्रशस्त होगा। जिले के लिए यह आयोजन खेल संस्कृति को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी,पानीपत।