समालखा। जीटी रोड पर समालखा में दो अलग अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। समालखा सामान्य अस्पताल के सामने मनाना फ्लाईओवर पर तेल टैंकर और ट्रैक्टरों से लदे ट्राले की टक्कर हो गई। इसमें ट्राला चालक की मौत हो गई। टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मंगलवार की सुबह चार बजे हुआ। भिंड़त के बाद तेल टैंकर फ्लाईओवर की दीवार तोड़ नीचे लटक गया। गनीमत रही कि टैंकर नीचे नहीं गिरा। बड़ा हादसा बाल बाल टल गया।
पंजाब के पटियाला जिले के गांव मोहब्बतपुर निवासी सुरजीत पेशे से चालक था। वह सोमवार रात को होशियार पुर से सोनालिका ट्रैक्टर की खेप ट्राले पर लाद कर आगरा जा रहा था। समालखा के पास सामने से आ रहे तेल के तेज रफ्तार टैंकर ने उसके ट्राले में टक्कर मार दी। ट्राले को टक्कर मार टैंकर फ्लाईओवर की दीवार तोड़ नीचे लटक गया। टैंकर चालक ने ऊपर से नीचे छलांग लगा दी। वह सिर के बल नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राले से गंभीर से घायल सुरजीत को बाहर निकाला और जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
मोटरसाइकिल की टक्कर से युवक की मौत
एक अन्य सड़क हादसा जीटी रोड पर गांव करहंस के पास हुआ। जिसमें एक मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से पैदल युवक की मौत हो गई। करहंस निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई अक्षय के साथ सुबह दो बजे वाहन न मिलने से पैदल समालखा से अपने गांव करहंस जा रहे थे कि गांव से कुछ दूर रजबाहे के पास सामने से एक मोटरसाइकिल सवार ने अक्षय को टक्कर मारी। जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए समालखा अस्पताल से पीजीआई खानपुर रेफर किया गया, जहां रास्ते मे उसने दम तोड दिया। पुलिस अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। समालखा ट्रैफिक इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। टैंकर चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है।