पानीपत/समालखा। सेना के लांस नायक की जीटी रोड स्थित मच्छरौली गांव के सामने सड़क हादसे में मौत हो गई। लांस नायक पठानकोट से छुट्टी लेकर अपने घर कानपुर यूपी जा रहा था। उनकी बुलेट मोटरसाइकिल को यहां ट्रक ने टक्कर मार दी। आरोपी ट्रक चालक यहां से फरार हो गया। समालखा थाना पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ट्रक चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गांव गढ़ी मेहरा निवासी अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें 23 मई सुबह उसको घटना के संबंध में सूचना मिली। उसका साढू मोहित चौहान (44) निवासी वार्ड चार, शिवाजी नगर, कानपुर सेना में लांस नायक के पद पर पठानकोट में कार्यरत था। वह 22 साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। वह तीन बच्चों का पिता था। जिसमें दो लड़के व एक लड़की है। मोहित चौहान को 22 मई को 28 दिन की छुट्टी मिली थी। वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर 22 मई की रात को पठानकोट से कानपुर के लिए चला था। उसके पास 23 मई की सुबह एक कॉल आई। कॉलकर्ता ने बताया कि मोहित सड़क हादसे में घायल हो गया है। वह 24 मई सुबह पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे। उन्हें मोहित चौहान का शव शवगृह में रखा मिला। सड़क हादसे में मोहित चौहान की मौत हो चुकी थी। उन्हें पुलिस ने बताया कि ट्रक की टक्कर से मोहित चौहान की मौत हुई है।