जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की करनाल में ड्यूटी से दो दिन से रुकी सैंपलिंग, अब तक 600 किलो मिठाई और 400 किलो दूषित दूध किया नष्ट
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। दिवाली नजदीक आते ही बाजारों में दूध, पनीर और मावे की मांग बढ़ गई है। इस बीच उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से पानीपत में मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई की शिकायतें सामने आ रही हैं। दूसरी ओर, खाद्य सुरक्षा विभाग की सैंपलिंग पिछले दो दिनों से ठप है। इससे मिलावटखोरों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की करनाल में ड्यूटी लगने के कारण शहर में नियमित सैंपलिंग प्रभावित हुई है। हालांकि, विभाग का दावा है कि वीरवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे।
त्योहारी सीजन की शुरुआत में विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 600 किलोग्राम मिलावटी मिठाई और 400 किलोग्राम दूषित दूध मौके पर ही नष्ट कराया था। इसके बावजूद मंडियों और डेयरियों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई की शिकायतें मिल रही हैं। वहीं, पिछले दिनों लिए गए नमूनों की लैब रिपोर्ट भी अभी नहीं आई है।
स्थानीय नागरिक दीपक और अरविंद ने बताया कि त्योहारों में खोआ, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग को नियमित जांच और छापेमारी करनी चाहिए। केवल औपचारिक कार्रवाई से मिलावट पर रोक लगाना मुश्किल है।
करनाल में प्रशासनिक ड्यूटी के कारण पिछले दो दिनों से पानीपत में नमूने लेने की कार्रवाई प्रभावित हुई है। विभाग पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर नमूने लिए जाएंगे। मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
डॉ. विक्रम पचिसिया, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी।