सनौली। सनौली खुर्द में जन्माष्टमी पर झांकी के दौरान झंडे को लेकर विवाद थम नहीं रहा है। अब ग्रामीण व सरपंच इसे लेकर खुलकर आमने-सामने हो गए हैं। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। दोनों पक्षों को सोमवार को थाने में बुलाया गया था, लेकिन वीआईपी ड्यूटी के चलते थाने से बाहर रहे। अब दोनों पक्षों को मंगलवार को बुलाया गया है।
सनौली खुर्द गांव में जन्माष्टमी पर ग्रामीणों की ओर से झांकी निकाली जा रही थी। गांव में एक समुदाय के मदरसे के पास लगती गली में बजरंग दल के कुछ युवक जय श्रीराम का झंडा लेकर आ गए। वहीं गांव के सरपंच संजय त्यागी ने बजरंग दल के युवक के हाथ से झंडा ले लिया तो कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया। इस मामले में बजरंग दल के सदस्यों ने सरपंच पर झंडा छीनने का आरोप लगाया। इसे लेकर रविवार को गांव सनौली खुर्द में आयोजित बजरंग दल और ग्रामीणों की बैठक हुई। पहले शिकायतकर्ता ने शिकायत वापस ले ली तो ग्रामीणों ने आगे आकर एक अन्य शिकायत दी। बजरंग दल के कई सदस्यों ने सरपंच पर सनौली खुर्द थाना में शिकायत देकर झंडा छिनने के आरोप लगाए। इधर सरपंच संजय त्यागी ने रविवार देर शाम को करीब नौ बजे सनौली खुर्द थाने में ही ग्राम पंचायत की तरफ से शिकायत दी।
इस बारे में जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ करने के बाद ही कोई कार्रवाई होगी। इस मामले में उच्चाधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है।