मतलौडा (पानीपत)। मतलौडा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में पड़ोसी दादा ने पांच साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बच्ची को आरोपी ने टॉफी दिलाने का झांसा देकर बुलाया था। उसने बच्ची को अंदर कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची खून से लथपथ हालत में घर गई। बच्ची के पूछने पर उसने आरोपी दादा की दरिंदगी बयां की। माता-पिता बच्ची को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे। यहां दो डॉक्टरों ने बच्ची का मेडिकल किया और उसे आपातकाल विभाग में दाखिल किया। बच्ची के सैंपल व कपड़े जांच के लिए मधुबन लैब में भेजे गए हैं। मतलौडा थाना पुलिस को वारदात की शिकायत दी गई । पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मतलौडा थाना के अंतर्गत एक गांव में 53 वर्षीय कृष्ण नशे का आदी है। उसकी पत्नी उसे 12 साल पहले छोड़ गई थी। उसका एक बेटा जेल में है। उसके पड़ोस में उसके परिवार का एक युवक रहता है। वह पांच साल की बच्ची का पिता है। कृष्ण उस युवक का रिश्ते में चाचा लगता है। युवक की पांच साल की बेटी मंगलवार शाम पांच बजे घर के बाहर खेल रही थी। यहां कृष्ण घर के बाहर घूम रहा था। उसने बच्ची को अपने पास बुलाया। बच्ची हमेशा उसका दादा जी बोलती थी। उसने बच्ची को चीज देने का लालच दिया और उसकी अंगुली पकड़कर अपने साथ घर ले गया। यहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। बच्ची रोते चिल्लाते घर पहुंची। बच्ची की ऐसी हालत देख उसकी मां के पैरों तले की जमीन खिसक गई। उसकी मां ने उसके पिता को कॉल कर तुरंत घर बुलाया। बच्ची ने पूरी आपबीती सुनाई। वह बच्ची को सुबह इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां दो महिला डॉक्टरों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। बच्ची को काफी अंदरूनी चोटें हैं। बच्ची के कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी कराए गए हैं। बच्ची का फिलहाल इलाज चल रहा है।
मतलौडा पुलिस थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है। आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उससे पूछताछ की जा रही है। बच्ची का फिलहाल इलाज चल रहा है।