जिला नागरिक अस्पताल में पंजीकरण के लिए लाइन में लगे मरीज। संवाद
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में सोमवार को लावारिश मिले पांच हजार लेन सेट की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चार दिन बाद शुक्रवार को दो चिकित्सकों की कमेटी बना दी है। जो मामले की जांच करेगी। अधिकारी मंगलवार को दिनभर कमेटी गठित करने की बात कहते रहे, बुधवार को गुरु नानक जयंती पर अस्पताल का अवकाश होने से मामला वीरवार तक चला गया था लेकिन शुक्रवार को कमेटी बनाई गई जो मामले की जांच करेगी।
जिला नागरिक अस्पताल में एक्स-रे ब्लॉक के दूसरे गेट पर सोमवार दोपहर को लावारिस पांच हजार लेन सेट मिले थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को कमेटी गठित कर मामले की जांच करने का दावा किया गया था। आखिरकार शुक्रवार को विभाग ने दो चिकित्सकों डॉ. केतन भारद्वाज और डॉ. सिंगला की कमेटी बनाई है जो मामले की जांच करेंगे। एमएस डॉ. श्यामलाल का कहना है कि अस्पताल में लैब और स्टोर के रिकॉर्ड की जांच की गई है। अस्पताल का पूरा रिकॉर्ड सही है। यह अस्पताल में कैसे और कौन लेकर आया है इसकी जांच की जाएगी। जहां पर ये लेन सेट मिले, वहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। जिससे पता लगा सकें कि ये वहां पर कैसे पहुंचा? इसलिए कमेटी के सदस्य अस्पताल के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे और रिकॉर्ड की जांच की जाएगी ताकि पता लग सके कि ये अस्पताल में कहां से पहुंचे हैं।
सोमवार को लावारिस लेन सेट मिले हैं। अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच की गई है वह बिल्कुल सही है। जांच के लिए शुक्रवार को दो चिकित्सकों की कमेटी गठित की गई है जो मामले की जांच करेगी। कमेटी की रिपोर्ट आने पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. श्यामलाल, एमएस जिला नागरिक अस्पताल