बार काउंसिल के चुनाव के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करते डीसी डॉ. वीरेंद्र दहिया। सूचना विभाग
पानीपत। जिला प्रशासन ने पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। 18 मार्च को 3315 अधिवक्ता मतदान करेंगे। इसके लिए पांच मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। इनमें चार पानीपत और एक समालखा में बनाया जाएगा। डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के निर्देश दिए। चुनाव के लिए एडीसी डॉ. पंकज यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया।
मंगलवार को डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बार काउंसिल की तैयारी के लिए अधिकारियों और जिला बार एसोसिएशन के साथ बैठक की। डीसी ने कहा कि बार काउंसिल चुनाव को विधानसभा चुनाव की तरह सुव्यवस्थित तरीके से करवाया जाएगा। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें। 18 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा।
जिले में कुल 3,315 मतदाता हैं। पानीपत 3,126 व समालखा 189 मतदान करेंगे। सभी केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, कतार प्रबंधन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन तथा जहां संभव हो अलग प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र के बाहर बूथ संख्या स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी। मतदान केंद्रों पर आवश्यक बैरिकेडिंग की जाएगी। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने वीडियो ग्राफी कराने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में एडीसी डॉ. पंकज, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, इलेक्शन तहसीलदार सुरेंद्र, बार एसोसिएशन प्रधान सुरेंद्र दुहन, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, कानूनगो महेंद्र, अमरिंदर दहिया रहे।