पानीपत। साईं कॉलोनी निवासी महिला को पक्का मकान बनवाने के लिए पांच लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर ठग ने 74750 रुपये की ठगी कर ली। महिला से फाइल चार्ज व अन्य चार्ज के नाम पर यह राशि हड़पी गई। महिला ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साई कॉलोनी निवासी सोनिया ने बताया कि 31 जनवरी को उसके पास एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसे कहा कि उसका पक्का मकान बनवाने के लिए पांच लाख रुपये का लोन मंजूर कर दिया जाएगा। इसके लिए उसको फाइल का चार्ज देना होगा। उसने पहले फाइल चार्ज के 9500 रुपये दिए। इसके बाद कॉल करने वाला उससे विभिन्न चार्ज के लिए पैसे मांगता रहा। ऐसे वह उससे 74750 रुपये एैंठ गया। उसको बाद में पता चला कि उसके साथ ठग ने ठगी की है।