-जिला नगर योजनाकार की टीम ने सिवाह खेड़ी, उग्रा खेड़ी व डाहर में बने अवैध निर्माण ढहाए
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) की टीम ने वीरवार को अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने सिवाह खेड़ी, उग्रा खेड़ी और डाहर के राजस्व एस्टेट में विशेष अभियान चलाकर लगभग 24 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही पांच अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से लगभग 10 डीपीसी, दो निर्माणाधीन ढांचों और कॉलोनियों के भीतर बिछाए गए आंतरिक सड़क नेटवर्क को पूरी तरह उखाड़ दिया गया। इसके अलावा एक व्यक्तिगत व्यावसायिक व आवासीय ढांचे को सील भी किया गया। मौके पर शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्लॉट, मकान या जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की जांच विभागीय स्तर पर जरूर करा लें। अवैध कॉलोनियों में जमीन खरीदने से बचें, क्योंकि ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से मूलभूत सुविधाएं नहीं दी जा सकतीं, जिससे भविष्य में खरीदारों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
धिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के खिलाफ विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।