पानीपत। विद्यार्थियों का स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष कक्षा में दाखिले का इंतजार लगभग पूरा हो गया है। पीजी में दाखिले के लिए मंगलवार 2 नवंबर को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी जबकि विद्यार्थी 10 नवंबर तक फीस जमा करवा सकेंगे। वहीं, फिजिकल ओपन काउंसलिंग 12 नवंबर को आयोजित की जाएगी। पीजी कक्षाओं में दाखिले को लेकर विद्यार्थी पहली मेरिट सूची का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
दरअसल, पीजी कोर्स में दाखिला आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्तूबर निर्धारित की गई थी जिसके बाद पोर्टल को बंद कर दिया गया था। पहली मेरिट लिस्ट 22 अक्तूबर को जारी की जानी थी, परंतु निर्धारित समय तक मेरिट लिस्ट जारी नहीं हो पाई। वहीं, उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा नए आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया गया था। साथ ही, संशोधित शेड्यूल जारी किया गया था। बंद पोर्टल को 27 अक्तूबर तक दोबारा खोलने पर विद्यार्थियों ने आवेदन करने भी शुरू कर दिए थे।
- पीजी कक्षाओं के लिए यह रहेगा आगामी शेड्यूल
पहली मेरिट सूची जारी- 2 नवंबर
फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि- 10 नवंबर
फिजिकल ओपन काउंसलिंग- 12 नवंबर
वेटिंग लिस्ट जारी- 12 नवंबर
रि-ओपन ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल- 13 नवंबर
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने संशोधित शेड्यूल जारी किया था जिसके अनुसार पहली मेरिट सूची 2 नवंबर को जारी की जाएगी। विद्यार्थी 10 नवंबर तक फीस जमा करवा सकेंगे। विद्यार्थियों की बेहतर ढंग से पढ़ाई हो सके, इसके लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की जा चुकी हैं।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य कालेज, पानीपत।