यमुनानगर। शहर में सोमवार की रात को दो व्यापारियों के घर हुए गोलीकांड में जांच व आरोपियाें की धरपकड़ के लिए चार पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। इसमें सीआईए-1, 2 व दो थानों की टीमें शामिल हैं। टीमें आरोपियों की पहचान कर उन तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। इसके लिए टीमों ने दोनों घटनास्थल सहित जिले में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।
टीम के सदस्य घटना के दौरान मौके पर किन नंबर के मोबाइल फोन चल रहे थे, यह भी पता कर रहे हैं, जिससे आरोपियों को ट्रेस किया जा सके। मंगलवार को देर शाम खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लग पाए। दो जगह खुलेआम गोलीकांड की घटना अंजाम देने वाले आरोपियों के पुलिस गिरफ्त से बाहर होने से शहर के लोग दहशत में हैं। लोग पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सोमवार की रात सरोजिनी कॉलोनी फेज-1 निवासी कपड़ा व्यापारी रवि के घर व हरबंसपुरा समीप सहमी इंडस्ट्रीज (जमुना इंजीनियरिंग कंपनी) के मालिक गुरदीप सिंह के घर व दफ्तर पर बदमाशों ने गोलियां चलाई थी। इनमें गांधीनगर पुलिस ने गुरदीप सिंह व थाना शहर पुलिस ने रवि की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गनीमत रही कि गाेली कांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जिले में जगह-जगह नाकाबंदी के बाद भी दो जगह गोलीकांड के दो दिन में भी आरोपी पुलिस की पकड़ में न आने से लोगों में दहशत है। शहर के लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका कहना है कि हरबंसपुरा में जहां गोलीकांड को अंजाम दिया गया, वहां सीसीटीवी फुटेज में बिना नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध दिखे थे, तब भी पुलिस दो दिन में उनकी पहचान व गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
-
वर्जन-
दो जगह गोलीकांड की घटना में जांच व आरोपियों को पकड़ने के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गईं हैं। इनमें सीआईए-1, 2 व दो थानों की टीमें शामिल हैं। आरोपी कहां से आए व गए, यह पता किया जा रहा है। साथ ही उन्हें ट्रेस किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।- अमरिंद्र सिंह, एएसपी, यमुनानगर।