Fire in textile factory, goods worth five crores burnt to ashes
- फोटो : Panipat
पानीपत। पसीना कलां मोड़ पर शार्ट सर्किट से टेक्सटाइल फैक्टरी में आग लग गई। आग सुबह साढ़े तीन बजे ब्लोरूम में लगी थी। इसके बाद गोदाम भी इसकी चपेट में आ गए। कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग अधिक भड़क गई थी। सुपरवाइजर ने मालिक को कॉल कर घटना की सूचना दी। मालिक ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए 70 चक्कर लगाए। 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। इस घटना में उद्यमी का पांच करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सेक्टर 29 थाना पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
ओम बालाजी टेक्सटाइल फैक्टरी के मालिक गोहाना रोड निवासी हरिओम ने बताया कि उनकी पसीना कलां रोड पर टेक्सटाइल फैक्टरी है। फैक्टरी में धागा और धागे से कपड़ा बनता है। शनिवार की शाम को वह फैक्टरी से घर आ गए थे। फैक्टरी में रात की शिफ्ट में काम करने वाली लेबर भी पहुंच गई थी। रात की शिफ्ट में धागे के ब्लोरूम में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग यहां से दूसरे गोदाम में पहुंच गई। गोदाम के पास ही धागा बनाने की मशीनें चल रहीं थी इनको भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। पहले श्रमिकों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। सुबह साढ़े तीन बजे फैक्टरी सुपरवाइजर मनीष कुमार ने उन्हें फोन कर आग लगने की सूचना दी। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तब तक सभी गोदाम आग की चपेट में आ चुके थे। पुलिस व दमकल विभाग की गाड़ियों को मौके पर बुलाया। दमकल विभाग ने दीवारों को तोड़कर गोदाम में आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ती गई। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों ने रविवार शाम छह बजे तक 70 चक्कर लगाए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। इस घटना में उनका पांच करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने से भारी मात्रा में कच्चा माल और तैयार माल जलकर राख हो गया है।