माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जीटी रोड लालबत्ती स्थित फायर स्टेशन के सामने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। शोरूम से धुआं उठते देख दमकल विभाग की टीम को सूचना दी गई। फायर स्टेशन पर कर्मचारी नहीं मिले। करीब आधे घंटे इंतजार करने के बाद शहर विधायक ने हाली पार्क स्टेशन से दो टीम बुलाई। अंदर घुसने का कोई रास्ता नहीं बना तो पीछे की दीवार तोड़कर टीम अंदर घुसी और आग पर काबू पाया।
कारोबारी विवेक ने बताया कि उनका जीटी रोड पर श्री गीता इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से शोरूम है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शोरूम की तीसरी मंजिल पर बने स्टोर से अचानक धुआं उठने लगा। राहगीरों से जानकारी मिलने पर उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी और सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया।
उन्होंने बताया कि शोरूम के सामने स्थित लालबत्ती चौक फायर स्टेशन पर उस समय कर्मचारी मौजूद नहीं मिले। कुछ देर बाद एक छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन धुएं की अधिकता के कारण टीम अंदर जाने का साहस नहीं जुटा सकी।
इसके बाद दुकानदारों ने शहरी विधायक प्रमोद विज को सूचना दी। विधायक अपने नजदीकी कार्यालय से तुरंत मौके पर पहुंचे और जिला अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह से संपर्क कर अतिरिक्त गाड़ियां भेजने को कहा। तब जिला अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह दो बड़ी दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से स्टोर में रखे गत्ते और थर्माकोल का सामान जल गया। शोरूम मालिक के अनुसार नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
आसन कलां में आग बुझाने गई थी टीम
जिला अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि जिस समय जीटी रोड स्थित शोरूम में आग लगी, उस समय लालबत्ती फायर स्टेशन की टीम आसन कलां गांव में लगी आग बुझाने गई हुई थी। इसके अलावा शहर में दो अन्य स्थानों पर भी छोटी आग की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने बताया कि वह खुद हाली पार्क और सेक्टर-25 स्टेशन से दमकल गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे थे।
अंदर जाने का रास्ता नहीं मिला, तोड़ी दीवार
दमकल विभाग की टीम को शोरूम की तीसरी मंजिल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सामने से केवल एक ही रास्ता होने के कारण टीम अंदर नहीं पहुंच पा रही थी। बाद में दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर शोरूम के पीछे पहुंचकर दीवार तोड़ी और वहां से अंदर घुसकर आग पर काबू पाया।