पानीपत। तहसील कैंप के फतेहपुरी चौक के नजदीक बिरवा में वीरवार रात करीब साढ़े 10 बजे खाली प्लॉट में जमा कूड़े और वेस्ट में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। तेज लपटें उठती देख आसपास के घरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शी राममेहर ने बताया कि आग तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। पार्षद अंजलि शर्मा ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। जिला दमकल अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई। दमकल टीम ने रात 10:40 बजे तक आग पर काबू पा लिया।