पानीपत। काबड़ी रोड स्थित भारत नगर में वीरवार सुबह कॉटन यार्न और वेस्ट के गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में गोदाम में रखा माल, कार्यालय का फर्नीचर और भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सेक्टर-12 निवासी सतबीर ने बताया कि भारत नगर में श्री वैष्णो ट्रेडिंग के नाम से उनका गोदाम है, जहां कॉटन यार्न, कॉटन वेस्ट और पीवी वेस्ट रखा जाता है। वीरवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्होंने दमकल विभाग को जानकारी दी।
आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। सतबीर तायल के अनुसार, आग में गोदाम का अधिकांश माल जल गया। साथ ही ऑफिस में रखा फर्नीचर और भवन को भी काफी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।