पानीपत। जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास फरीदपुर रोड स्थिति श्री कृष्णा ट्रेडर्स टेक्सटाइल फैक्टरी में वीरवार शाम को आग लग गई। आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
वीरवार शाम को करीब आठ बजे दमकल विभाग को सूचना मिली कि श्रीकृष्णा ट्रेडर्स फैक्टरी में आग लगी है। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर तुरंत ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिया। तीन गाड़ी आग बुझाने में जुट गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया। हालांकि देर रात तक फैक्टरी में आग सुलगती रही। उधर, फैक्टरी में आग लगने से गोदाम पर रखा तैयार कपड़ा और कच्चा माल व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आग से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि आग की सूचना पर तुरंत ही तीन गाड़ी मौके पर भेजी गई थी।