पानीपत। स्काईलार्क पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए प्रॉपर्टी लोन कराने वाले एक एजेंट पर कार सवार बदमाशों ने मिलकर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। हमलावर कोई और नहीं बल्कि युवक के परिचित थे। युवक ने अनुसार उसने एक फाइनेंसर से सात हजार रुपये उधार लिए थे। इनमें से चार हजार रुपये बकाया थे, इसी के चलते फाइनेंसर ने अपने साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दी।
गांव सौंधापुर निवासी सोमबीर उर्फ सागर नरवाल ने बताया कि वह बैंकों से प्रॉपर्टी पर लोन कराने का करता है। उसने कुछ दिन पहले गांव निजामपुर निवासी दीपक संधू से सात हजार रुपये उधार लिए थे। उसने तीन हजार रुपयों को लौटा दिया था, जबकि चार चार रुपये बकाया है। उसने इन रुपयों को जल्द लौटने का आश्वासन दिया था और दीपक से कुछ दिन का समय मांगा था।
वह सोमवार को स्काई लार्क पर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए गया था। इसी बीच आरोपी दीपक अपने साथ आठ बदमाशों को लेकर दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचा। उसने रुपये न लौटने का आरोप लगाते हुए उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों के साथियों ने भी उसका साथ दिया। अंत में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घायल के बयान दर्ज कर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है,जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर हरिराम, तहसील कैंप थाना प्रभारी।