तू मां बनभौरी, तू मां दुर्गे फिल्म की शूटिंग बुधवार को भी जारी रही। इस फिल्म में कैथल के भी कई कलाकारों को अभिनय का अवसर मिला है। विभिन्न स्थानों पर शूटिंग में बॉलीवुड के अभिनेता भी शामिल हुए। बुधवार को कैथल के सेठान मोहल्ला में लव डांस अकादमी के डायरेक्टर लव शर्मा के निवास पर फिल्म के कई सीन शूट किए गए।
फिल्म के सीन में विलेन का रोल निभाने के लिए मुंबई से अभिनेता अवतार गिल ने शूटिंग में भाग लिया। शूटिंग को देखने के लिए आसपास काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। मां बनभौरी की महिमा को लेकर बनाई जा रही इस फिल्म में एक बेटी की भक्ति की शक्ति की कहानी है। इस फिल्म की निर्माता नेहा बंसल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग में कैथल के लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है।
जिस तरह सीन के शूट में काफी भीड़ इकट्ठी हो गई, उसके बाद भी लोगों ने पूरा सहयोग दिया। फिल्म में कलाकार गुलशन पांडेय, किशन भान, जसबीर सिंह, निशीकांत दीक्षित, अनिल धवन, धर्मेंद्र सिंह, पप्पू प्रधान भी अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे।