माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। चांदनी बाग थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ मंगेतर ने दुष्कर्म किया है। आरोप है कि मंगेतर ने शादी की खरीदारी के बहाने बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा पिलाई। परिवार अब शादी से मुकर गया है और युवती को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मंगेतर जोगेंद्र, उसके माता-पिता, बहन गीता, जीजा और बिचौलिए पवन सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। युवती का रिश्ता दिल्ली के जोगेंद्र से तय हुआ था। उनकी शादी चार जुलाई को होनी थी। 23 अप्रैल को जोगेंद्र और उसकी मां ने उसे शादी के कपड़े दिलाने के लिए सोनीपत बुलाया। अगले दिन युवती अपने भाई के साथ सोनीपत पहुंची। जोगेंद्र ने भाई को वापस भेज दिया और युवती को एक पार्क में ले गया।
होटल में दुष्कर्म और शादी से इन्कार : पार्क में जोगेंद्र की बहन और जीजा पहले से मौजूद थे। जोगेंद्र ने युवती को जबरन कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिससे उसे चक्कर आने लगे। वह उसे सोनीपत के कच्चे क्वार्टर स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया।
परिवार ने शादी का हवाला देकर उसे चुप करा दिया था। 28 मई को जोगेंद्र और उसके परिवार ने शादी से इन्कार कर दिया। विरोध पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। परिवार ने युवती का मोबाइल नंबर बंद कर दिया है। थाना चांदनी बाग की प्रभारी किरण ने बताया कि जोगेंद्र समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।