पानीपत। सिवाह के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में दो छात्राओं को स्कूल से बाहर निकाल दिया गया। जिसके बाद उनकी मां ने विद्यालय में पहुंचकर हंगामा किया। शिक्षकों और स्टॉफ को जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले एक छात्रा के पिता ने स्कूल में पहुंचकर हंगामा किया था। औद्योगिक सेक्टर-29 थाना पुलिस ने छात्राओं और उनके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्या संतोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को 10वीं की एक छात्रा के पिता ने शराब के नशे में विद्यालय में पहुंचकर हंगामा किया था। स्टाफ के सदस्य नरेंद्र के साथ मारपीट की थी। इसके बाद शनिवार को सरपंच और विद्यालय की समिति के सदस्यों ने आरोपी व्यक्ति की बेटी समेत दो छात्राओं को स्कूल से निकाल दिया था। इसके बाद उन दोनों छात्राओं की मां स्कूल में पहुंच गईं और हंगामा शुरू कर दिया। दोनों ने स्कूल स्टॉफ के साथ अभद्रता की। साथ ही बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। स्कूल के प्राचार्य ने तुरंत ही इसकी शिकायत औद्योगिक सेक्टर-29 थाने को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक छात्रा के पिता, दोनों छात्राओं और उनकी मां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। औद्योगिक सेक्टर-29 प्रभारी सुभाष ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।