पानीपत/मतलौडा। मतलौडा थाना क्षेत्र के गांव छिछडाना में जमीन के बंटवारे को चल रही पंचायत में युवक की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पुलिस हत्याकांड का खुलासा करेगी।
उधर, मृतक सुनील के शव का दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया। दोपहर एक बजे गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में तनाव को देखते हुए सोमवार को भी पुलिस तैनात रही। वारदात रविवार दोपहर को मतलौडा थाने के छिछडाना गांव में हुई थी। गांव में सगे भाइयों सुभाष और रामचंद्र नानू का जमीन के बंटवारे पर विवाद चल रहा है। सुभाष और रामचंद्र ने 25-30 साल पहले अहर चौक पर पांच एकड़ जमीन खरीदी थी। उस समय जमीन का बंटवारा करते समय रामचंद्र के हिस्से में आ गई थी। अब जमीन महंगी होने पर सुभाष इस जमीन पर आधा हिस्सा मांग रहा था। जिसे लेकर रविवार को गांव में पंचायत हुई थी। पंचायत में सुभाष और उसके बेटे जयपाल ने चाकू से चचेरे भई सुनील ओर अनिल पर चाकू से हमला कर दिया था।
जिसमें सुनील (35) की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं अनिल भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। वारदात के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई थी। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर सुभाष और उसके बेटे जयपाल उर्फ रिंकू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। इसके बाद इस मामले की जांच सीआईए-1 की टीम को सौंपी गई थी। सोमवार को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर राजीव मान और केतन के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टर ने बताया कि आंत कटने से युवक की मौत हुई है। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर को करीब एक बजे अंतिम संस्कार किया गया। गांव में तनाव को देखते हुए दूसरे दिन भी पुलिस तैनात रही।