पानीपत। सरकार का पुतला फुकते हुए।
- फोटो : Panipat
किसानों पर बसताड़ा टोल पर शनिवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसान मजदूर संगठनों ने संयुक्त नेतृत्व में रोष प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। किसानों ने कहा कि जितना उन्हें परेशान किया जाएगा, उनका आंदोलन उतना मजबूत होगा। मौके पर किसान सभा भी की गई। सभा की अध्यक्षता संयुक्त किसान मोर्चा तालमेल कमेटी पानीपत के जिला संयोजक जयकरण कादयान और अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान डॉ. सुरेंद्र मलिक ने की।
सभा में प्रदेश सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना की गई। किसानों ने लाठीचार्ज के आदेश देने वाले एसडीएम करनाल आईएएस आयुष सिन्हा को तुरंत बर्खास्त कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। सभा में मांग रखी गई कि घायल किसानों को मुफ्त इलाज दिया जाए।
किसान मजदूर संगठनों के नेताओं ने कहा कि षड्यंत्र के तहत किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। किसानों ने कहा कि 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में देशव्यापी किसान महापंचायत एक नया इतिहास रचेगी। 25 सितंबर को भारत बंद एतिहासिक रहेगा। इस दौरान सीटू राज्य सचिव सुनील दत्त, भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान सोनू मालपुरिया, बिंटू मलिक, मास्टर धर्म सिंह, राजेश बबैल, रामकिशन आर्य आदि मौजूद रहे।