इसराना। संयुक्त किसान मोर्चा व किसान मजदूर मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में किसान नेताओं ने सोमवार को इसराना में ट्रैक्टर मार्च निकाला। किसान नेताओं ने एमएसपी गारंटी कानून और अन्य मांगों के साथ ही किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन का समर्थन किया। इस दौरान अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग पुनिया भी शामिल हुए। इस मौके पर भारी पुलिसबल तैनात रहा। किसान नेताओं ने एसडीएम इसराना ज्योति मित्तल को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ट्रैक्टर मार्च की अगुवाई भारतीय किसान नौजवान यूनियन के जिला अध्यक्ष शमशेर पुनिया व संचालन प्रदेश प्रवक्ता मनोज जागलान ने किया। इस दौरान डीएसपी समालखा नरेंद्र कादियान के नेतृत्व में भारी पुलिसबल की तैनाती की गई थी। ट्रैक्टर मार्च डाहर टोल प्लाजा से शुरू किया गया और नौल्था गांव से होते हुए इसराना में एसडीएम कार्यालय पर पहुंचा। किसान नेताओं ने लंबित मांगों को पूरा करने और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन को लेकर एसडीएम ज्योति मित्तल को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग पुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने किसान और मजदूर को बर्बाद करने का काम किया है। लंबे समय से किसान व मजदूर अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों को उनका हक देने की बजाय ये सरकार उन पर लाठियां बरसा रही है। वे पूरी तरह से किसान व मजदूरों के संघर्ष में साथ खड़े हैं।
प्रदेश प्रवक्ता मनोज जागलान ने कहा कि सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। आंदोलन के दौरान की सभी मांगे लंबित पड़ी हैं। एमएसपी गारंटी कानून बनवाने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने समेत अन्य मांगों को लेकर किसान संघर्षरत हैं। खनौरी बॉर्डर में आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की हालत नाजुक बनी हुई है।
उन्होंने कहा समय रहते सरकार जागे अन्यथा बड़े आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहे। इस दौरान सतनारायण कुंडू, शमशेर मलिक, देवेंद्र जागलान, रणबीर चमराड़ा, दीपक जौंधन, दिलबाग बिंझौल, संदीप राठी, विकास डीडवाडी, राजपाल जाटल, नरेश मिटान आदि रहे।