माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज पर लगाई फैंसी लाइट गुणवत्ता पर खरी नहीं मिली हैं। श्रीराम औद्योगिक अनुसंधान संस्थान से लाइट नमूने की जांच रिपोर्ट मिली है। जिसमें लैब रिपाेर्ट में लाइटों की प्रकाश क्षमता कम होना सामने आया है। नियमानुसार लाइटों की लुमेन (राेशनी की क्षमता) 110 होनी चाहिए। जबकि यह करीब पांच गुना कम करीब 23 लुमेन मिली हैं। लैब ने इसके कंफर्मिटी काॅलम में नाे लिखा है। ऐसे में फैंसी लाइट लगाने में करोड़ों रुपये खर्च पर भी सवाल उठने लगे हैं।
नगर निगम ने असंध राेड रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर करीब 35 लाख रुपये की लागत से 68 फैंसी लाइट लगाई गई थी। इनकी ऊंचाई सात मीटर है। स्थानीय लोगों ने इनकी गुणवत्ता की शिकायत की थी। विजिलेंस ने इनकी जांच कराई थी और नमूने इंस्टीट्यूट फाॅर इंडस्ट्रियल रिसर्च की श्री लैब में भेजे थे। इनकी जांच रिपोर्ट मिली है। जिसमें फैंसी लाइट मापदंडाें पर खरी नहीं उतरी हैं। इन लाइटाें की लुमेन (राेशनी की क्षमता) 110 हाेनी चाहिए थी, लेकिन जांच रिपाेर्ट में क्षमता 23 लुमेन मिली है। यह निर्धारित लुमेन से करीब पांच गुना कम मिली है। स्थानीय तकनीकी अधिकारियों ने भी पिछले महीने इनके नमूने जांच को भेजे थे। रिपोर्ट में लिखा है कि एक नमूना एलईडी लाइट के रूप में वर्णित है। यह नमूनाकरण श्रीराम औद्योगिक अनुसंधान संस्थान द्वारा नहीं किया गया है। परीक्षण प्रमाणपत्र में दिए गए नमूने का विवरण पार्टी द्वारा की गई घोषणा पर आधारित है।
मॉडल टाउन में ही ढाई करोड़
की लागत से लगी हैं फैंसी लाइट
शहर में फैंसी लाइट सात से आठ सड़कों पर लगाई हैं। अकेले मॉडल टाउन क्षेत्र की पांच सड़कों पर 2.50 करोड़ में फैंसी स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। इनकी गुणवत्ता पर पहले से ही सवाल उठ गए थे। एंटी करप्शन ब्यूराे (एसीबी) इसकी जांच कर रही है। ठेकेदार इनके भुगतान की मांग कर रहे थे। निगम आयुक्त डाॅ. पंकज ने संयुक्त (जेसी) मनी त्यागी, डीएमसी अरुण कुमार व एक्सईएन गाेपाल कलावत ने चीफ अकाउंट ऑफिसर व दो जेई की एक कमेटी गठित की थी। इस कमेटी ने 14 और 15 अक्तूबर को इन सड़कों की फैंसी लाइटों की जांच की थी। टीम की जांच में भी लाइट गुणवत्ता पर खरी नहीं मिली थी। इन सबके बीच ठेकेदार ने दिवाली से दो दिन पहले मॉडल टाउन की सभी सड़कों की फैंसी लाइट बंद कर दी थी। ऐसे में सड़कों पर अंधेरा छा गया था।
शहर में फैंसी लाइटों की गुणवत्ता की शिकायत मिली थी। इसकी निगम और एंटी करप्शन ब्यूरो भी जांच कर रहा है। असंध रोड आरओबी की लाइटों की जांच रिपोर्ट मिली है। इसमें लाइट मापदंड पर खरी नहीं मिली हैं। ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा।
डॉ. पंकज, आयुक्त, नगर निगम।