पानीपत। न्यू मुखीजा कॉलोनी में मिले शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। गोहाना में सड़क हादसे में घायल 21 वर्षीय सुधीर की मौत के मामले में परिजनों ने ऑटो चालक व उसके साथी पर पीजीआई खानपुर पहुंचाने की बजाय रातभर शहर में घुमाने के आरोप लगाए हैं। इस दौरान आरोपियों ने सुधीर की जेब से नकदी, कपड़े और सोने की अंगूठी निकाल ली। इसके बाद में शव को मुखीजा कॉलोनी के पास खेतों में फेंक दिया।
सुधीर के परिजन वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त एक राहगीर ने मदद करते हुए सुधीर और उसके भांजे सन्नी को ऑटो में बैठाया था। चालक को 300 रुपये किराया देकर खानपुर अस्पताल ले जाने को कहा था। रास्ते में ऑटो के अचानक मुड़ने पर राहगीर को शक हुआ। उसने न केवल ऑटो का पीछा किया और वीडियो बनाई, बल्कि डायल-112 पर भी इसकी सूचना दी।
भांजा रास्ते में उतरा, सुधीर को रातभर बंधक की तरह घुमाया
परिजनों ने आरोप लगाया रास्ते में होश आने पर भांजा सन्नी ऑटो से उतर गया, लेकिन सुधीर अत्यधिक गंभीर हालत में होने के कारण ऑटो में ही पड़ा रहा। चालक उसे पीजीआई खानपुर ले जाने के बजाय पानीपत के शोंधापुर गांव की तरफ ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों युवक शव को अपने घर भी ले गए थे। यहां परिजनों और ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद वे शव को अलसुबह मुखीजा कॉलोनी के पास खेतों में फेंक आए।
एक साल पहले हुई थी शादी, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
सुधीर की शादी एक वर्ष पहले हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने शोंधापुर निवासी ऑटो चालक व उसके साथी पर लूटपाट और हत्या जैसी साजिश का आरोप लगाए। इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। मॉडल टाउन थाना के प्रभारी जगमिंद्र ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो