- एफएलएन कार्यक्रम के तहत आयोजित होंगी परीक्षाएं, 11 मार्च तक होगा परीक्षाओं का आयोजन
- विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने जारी किए निर्देश, एससीईआरटी द्वारा बनाई डेटशीट के अनुसार होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। हरियाणा राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद की ओर से चौथी से आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी। इनके आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। उक्त कक्षाओं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाओं के आयोजन को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जरूरी निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशानुसार एससीईआरटी से प्राप्त संलग्न तिथिपत्र अनुसार कक्षा चौथी से आठवीं की वार्षिक परीक्षाएं 26 फरवरी से 11 मार्च के मध्य करवाई जानी हैं। कक्षा पहली से पांचवीं की सभी प्रकार की परीक्षाएं एफएलएन कार्यक्रम के तहत करवाई जाती हैं। कक्षा चौथी तथा पांचवीं की वार्षिक परीक्षाएं एससीईआरटी द्वारा बनाई गई डेटशीट के अनुसार एफएलएन के तहत करवाई जाएंगी। कक्षा छठी से आठवीं की वार्षिक परीक्षा के संचालन हेतु दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। कक्षा चौथी से पांचवीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा तथा मूल्यांकन निपुण कार्यक्रम के अंतर्गत तथा कक्षा छठी से आठवीं की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन विद्यालय स्तर पर करवाया जाएगा। छठी से आठवीं की परीक्षा का आयोजन सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे तक होगा। निर्देशानुसार सभी जिलों का मूल्यांकन किया जाएगा और परीक्षा संचालन और मूल्यांकन की निष्पक्षता, छात्र उपस्थिति और अनुकरणीय शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर जिलों की रैंकिंग करते हुए एक स्कोरकार्ड जारी किया जाएगा।
इस प्रकार रहेगी डेटशीट-
कक्षा डेटशीट
चौथी - 27 फरवरी को गणित, 29 फरवरी को अंग्रेजी, 02 मार्च को ईवीएस तथा 05 मार्च को हिंदी।
पांचवीं - 27 फरवरी को ईवीएस, 29 फरवरी को हिंदी, 02 मार्च को गणित तथा 05 मार्च को अंग्रेजी।
छठी- 26 फरवरी को हिंदी, 28 फरवरी को गणित, 01 मार्च को अंग्रेजी, 04 मार्च को संस्कृत, 06 मार्च को विज्ञान, 07 मार्च को कृषि, ड्राइंग, गृह विज्ञान तथा 11 मार्च को सामाजिक विज्ञान।
सातवीं- 26 फरवरी को विज्ञान, 28 फरवरी को अंग्रेजी, 01 मार्च को गणित, 04 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 06 मार्च को हिंदी, 07 मार्च को संस्कृत तथा 11 मार्च को कृषि, ड्राइंग, गृह विज्ञान।
आठवीं- 26 फरवरी को अंग्रेजी, 28 फरवरी को विज्ञान, 01 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 04 मार्च को हिंदी, 06 मार्च को गणित, 07 मार्च को संस्कृत तथा 11 मार्च को कृषि, ड्राइंग, गृह विज्ञान।
चौथी से आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षाओं के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- राकेश बूरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत।