पानीपत। पानीपत में पूर्वांचल समाज के लिए सूर्य देव मंदिर और पक्के छठ घाटों के निर्माण की घोषणा तीन साल बीत जाने के बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाई है। प्रशासनिक सुस्ती और अड़चनों के चलते माैजूदा समय में स्थिति यह है कि समाज के लोग पर्व के दौरान अस्थायी घाटों पर ही पूजा-अर्चना करने को मजबूर हैं।
वर्ष 2023 में समस्त पूर्वांचल समाज ने एनएफएल स्थित रजवाहे पर आयोजित छठ महापर्व पर गोहाना रोड पर सूर्य देव मंदिर के निर्माण और विभिन्न स्थानों पर पक्के घाट बनाने की मांग प्रमुखता से रखी थी।
इस दाैरान तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं मुख्यातिथि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मंच से घोषणा करते हुए गोहाना रोड पर पांच एकड़ भूमि पर सूर्य देव मंदिर बनाने और लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से एनएफएल, थर्मल रजवाहे तथा बाबरपुर ड्रेन नंबर-दो के पास पक्के घाटों का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था।
पूर्वांचल समाज में रोष, अनदेखी का आरोप : पूर्वांचल समाज में गहरा रोष बना हुआ है। समस्त पूर्वांचल समाज के प्रधान उमा शंकर ने कहा कि पानीपत के औद्योगिक विकास में पूर्वांचल समाज का अहम योगदान है। इसके बावजूद इतनी बड़ी आबादी और आस्था से जुड़े इस विषय पर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर अनदेखी की जा रही है।