पानीपत। थाना औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र के विकास नगर के पास से झुग्गी से लापता हुई बच्ची का 10 दिन बाद भी सुराग नहीं लगा है। परिजनों ने पुलिस से मुलाकात कर बच्ची की तलाश करने की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश में चार टीमें लगी हैं। इसके बावजूद भी कुछ पता नहीं चल सका है।
बीते 16 जून की रात को विकास नगर के पास झुग्गी से एक माह की बच्ची का अपहरण हो गया था। बच्ची के पिता बलराम ने थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। उसी समय से पुलिस लगातार बच्ची की तलाश कर रही है। लेकिन, अभी तक पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने करीब 350 लोकेशन पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। इसके बावजूद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। उधर, परिजनों ने बिहार के एक तांत्रिक से भी संपर्क किया है। तांत्रिक ने जल्द ही बच्ची मिलने की बात कही थी। जिससे परिजनों को आस बंधी हुई है।
थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी कर चुकी है। उनसे भी कोई जानकारी नहीं मिली। मिसिंग सेल भी बच्ची की तलाश में लगाई गई है।