समालखा(पानीपत)। चुलकाना गांव रोड स्थित शास्त्री कॉलोनी में इंजीनियर अमन यादव की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। थाना पुलिस समालखा ने इसमें ठेकेदार पर हत्या का केस दर्ज किया है। अमन के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि अमन की गला दबाकर हत्या की गई थी।
परिजनों के अनुसार घटना को हादसा दिखाने के लिए ठेकेदार प्रदीप ने उसके शव को छत से नीचे फेंका और खुद भी नीचे कूद गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। सबको यह लगे कि दोनों छत से नीचे गिरे हैं। अब समालखा थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। मृतक अमन की सात मार्च को शादी होनी थी। अमन की मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में बिहार के सिवान निवासी सौरभ कुमार यादव ने बताया कि उसका भाई अमन (25) तीन बहन भाइयों में सबसे बड़ा था। अमन कुमार यादव एक निजी कंपनी में बतौर ड्रायर इंजीनियर (ड्रायर मशीन डिजाइन करने वाला) कार्यरत था। उसने एक महीने पहले ही कंपनी ज्वाइन की थी।
18 जनवरी की देर रात करीब डेढ़ बजे समालखा थाना पुलिस ने अवगत करवाया कि अमन की छत से गिरने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही उसने दिल्ली में मौजूद अपने परिचितों को फोन किया और मौके पर आने को कहा। उसे पता लगा कि घटना वाले दिन अमन, कंपनी के ठेकेदार प्रदीप सिंह के बुलाने पर उसके कमरे पर गया था। अमन ने उन्हें फोन पर कई बार बताया था कि ठेकेदार प्रदीप उससे रंजिश रखता है और उसके काम में हस्तक्षेप करता है। वह हमेशा उस पर दबाव बनाने की कोशिश करता है। प्रदीप ने सुनियोजित तरीके से पहले अमन को अपने पास बुलाया और उसे शराब पिलाई। फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर उसके शव को छत से फेंक दिया। फिर खुद भी छत से कूद गया और चोटिल हो गया ताकि सबको यह लगे कि वह छत से गिर गए हैं। उनकी पुलिस से मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
वर्जन-
समालखा पुलिस थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के भाई के बयान पर आरोपी प्रदीप पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।