संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। रेलवे रोड पर बढ़ता अतिक्रमण और सड़क पर बने गहरे गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।। यह मार्ग प्रसिद्ध चुलकाना धाम को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल होकर मंदिर पहुंचते हैं। इन दिनों कांवड़ यात्रा के चलते भी इसी मार्ग से श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे रोड पर लगभग हर 10 से 20 फुट की दूरी पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। कई स्थानों पर सीवर के ढक्कन भी टूटे पड़े हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी राजेश, दलबीर, सोनू, मुकेश और सुरेंद्र ने बताया कि अतिक्रमण और जर्जर सड़क के संबंध में कई बार नगर परिषद को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उनका कहना है कि पुलिस केवल गश्त तक सीमित रहती है, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। गहरे गड्ढों के कारण लोगों का वहां से गुजरना भी दूभर हो गया है।
नगर परिषद सचिव ने बताया कि सोमवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार ऐसे आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। रेलवे रोड लोक निर्माण विभाग के अधीन आता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क के गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।