पानीपत। अपनी लंबित मांगों को लेकर वीरवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले कर्मचारियों ने शहरी व ग्रामीण विस सीट पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस, भाजपा के साथ अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों को ज्ञापन सौंपा है। इसके साथ ही प्रत्याशियों को अपनी समस्याओं से अवगत भी कराया।
महासचिव नरेश कुमार ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। सरकार उन्हें आश्वासन से आगे कोई काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि दो साल की सेवा आधार पर सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की नीति बनाई जाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्के के बराबर वेतन मिले, स्वीकृत पदों पर अस्थाई कर्मचारियों की भर्ती न हो। किसी प्रकार के काम के लिए वर्क कांट्रेक्ट न दिया जाए, पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। कम्पुटेशन राशि वापस लेने की अवधि 10 वर्ष की जाए। कैशलेस चिकित्सा सुविधा, बढ़ती जनसंख्या के चलते बढ़े वर्क लोड के आधार पर नए पद सृजित किए जाएं।
इस मौके पर एएचपीसी वर्कर यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सैनी, एसकेएस जिला प्रधान अमरीश त्यागी, सिटी यूनिट सचिव बलराम राणा, सचिव शिव कुमार अहलावत आदि मौजूद रहे।