इसराना। पैक्स (प्राइमरी एग्रीकल्चर कोऑपरेटिव सोसायटी) कर्मचारी महासंघ की ओर से मांडी गांव के बैंक्वेट हाल में सहकारिता एवं पंचायत राज्यमंत्री महिपाल ढांडा का अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुलतान देशवाल व जिला प्रधान बिजेंद्र छौक्कर ने की। संचालन जिला कार्यकारिणी सदस्य जगत सिंह ने किया। इस अवसर पर महासंघ की ओर से सहकारिता मंत्री काे पगड़ी पहनाकर और शॉल भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान महासंघ ने कर्मचारियों की लंबित मांगों और सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र गल्ला ने पंचायत की ओर से उन्हें मांग पत्र सौंपा।
सहकारिता एवं पंचायत राज्यमंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि पैक्स घाटे में चल रही हैं। यह बड़ी चिंता की बात है। उन्होंने इसको लेकर नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 719 पैक्स हैं। इनमें से मात्र 28 पैक्स फायदे में चल रही हैं। बाकी घाटा दिखा रही है। पैक्स कर्मचारियों को चाहिए कि वे केंद्र सरकार की ओर से शुरू किए गए प्रोजेक्ट पर काम कर इनको घाटे से उबारने में मदद करें। जिससे ज्यादा से ज्यादा फायदा किसानों कोमिल सकें। घाटे से नहीं उबरने की सूरत में सरकार को कठोर कदम उठाना पड़ सकता है। राज्यमंत्री ढांडा ने अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियों का बखान भी किया। वहीं फैला उजियारा फाउंडेशन की अध्यक्ष रंजीता कौशिक के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं ने अपनी समस्याओं को राज्यमंत्री के सामने रखा। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री रोशनलाल माहला, गोशाला समिति के प्रधान कैप्टन प्रताप सिंह बलाना, जगत सिंह, वीरभान, सुभाष, कर्मबीर शर्मा, रमेश डिकाडला व कुलदीप देशवाल मौजूद रहे।