पानीपत। साइबर अपराध की वारदाताें पर अंकुश लगाने के लिए डीएसपी सतीश वत्स ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में बैंक कर्मचारियों और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
डीएसपी सतीश वत्स ने बैठक के दौरान बैंक, एटीएम परिसर व कैश वैन पर किए सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने बैंक कर्मचारियों को बैंक परिसर में पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण नंबरों की सूची व हाई रेज्यूलेशन के कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारी अपने व बैंक के गार्ड के बारे में जानकारी नजदीकी पुलिस थाने में जाकर दें ताकि जरूरत के समय आपस में संपर्क हो सके। बैंकों का अलार्म सिस्टम दुरुस्त करें व जहां कैश रखा जाता है, वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हो। एटीएम में सुरक्षा गार्ड के साथ-साथ अच्छी क्वालिटी के सेंसर भी लगे हो। गार्ड को समय समय पर निर्देश दें कि वह बैंक में आने जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर निगरानी रखें।
अगर कोई व्यक्ति बिना कारण के बैंक में या आसपास अगर नजर आता है तो तुरंत इस बारे पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।
साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। साइबर अपराधी ठगी की वारदातों में फर्जी खातों का प्रयोग कर रहें है। साइबर क्राइम के मामलों में पुलिस द्वारा मांगी जाने वाली डिटेल तत्काल उपलब्ध कराई जाए। पैसा होल्ड, अनहोल्ड करने संबंधी बैंक की कार्रवाई तेजी से करें। साथ ही बैंकों में ठगों के खातों की होल्ड राशि को पीड़ित के खाते में बिना किसी जटिल प्रक्रिया के आसानी से वापस किया जाए।