पानीपत। बिजली निगम ने शनिवार को सब अर्बन डिविजन में धरपकड़ अभियान चलाया। लाइन लॉस रिपोर्ट के आधार पर टीम ने 45 जगहों पर चेकिंग कर 18 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। इन उपभोक्ताओं पर 4.74 लाख रुपये जुर्माना लगाने के साथ ही संबंधित थाना में मुकदमा भी दर्ज कराया गया। निगम के धरपकड़ अभियान से इसराना, मतलौडा व सब अर्बन सब डिविजन क्षेत्र में उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा रहा।
सब अर्बन डिवीजन के कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू ने बताया कि चेतावनी देने के बावजूद उपभोक्ता बिजली चोरी करने से बाज नहीं आ रहे। जिन फीडरों पर ज्यादा लाइन लॉस आ रहा था, उन्हीं फीडरों पर चेकिंग की। सब अर्बन डिवीजन में 16 जगहों पर छापेमारी कर नौ उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा, जिनपर डेढ़ लाख जुर्माना लगाया। इसराना डिविजन में 19 जगहों पर चेकिंग कर आठ उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। जिन पर 2.84 लाख रुपये जुर्माना लगाया। वहीं मतलौडा डिवीजन में 10 जगहों पर चेकिंग कर एक उपभोक्ता को बिजली चोरी करते पकड़ा जिस पर 40 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। उन्होंने उपभोक्ताओं को बिजली चोरी नहीं करने की अपील की।