- बारिश के पानी में करंट फैलने से हुआ हादसा, गंभीर हालत में प्रदीप को करनाल किया रेफर
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पानीपत-गोहाना रोड स्थित बिंझौल चौक पर वीरवार शाम करीब सात बजे बिजली के खंभे में करंट उतरने से तीन लोग इसकी चपेट में आ गए। इनमें प्रदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है। बारिश के कारण चौक पर पानी जमा था। आशंका है कि इसी जलभराव के चलते बिजली के खंभे से करंट पानी में फैल गया।
थाना मॉडल टाउन प्रभारी जगमिंद्र ने बताया कि बिंझौल चौक पर जलेबी की रेहड़ी के पास जलभराव के कारण करंट फैलने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, खंभे के पास से गुजर रहे तीन लोग करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई।
प्रदीप को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए करनाल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, घायलों या उनके परिजनों के बयान अथवा शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।