बिजली उपभोक्ताआें को अब अपना बिजली बिल पाने के लिए ज्यादा जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी। बिजली निगम उपभोक्ताआें की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल्दी ही बिल मैसेज सेवा शुरू कर सकता है।
योजना के तहत बिल तैयार होते ही उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर मैसेज आ जाएगा। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को और भी ज्यादा बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपनी कार्यप्रणाली में कई तरह के नए सुधार ला रहा है।
बिल मैसेज सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओें को काफी राहत मिलेगी। बिजली निगम आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए अपने रिकार्ड में सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर रखेगा।
मोबाइल नंबराें को बिल एकाउंट से भी जोड़ा जाएगा। जैसे ही उपभोक्ता का बिल तैयार होगा उसके मोबाइल पर मैसेज आ जाएगा।
बिल तैयार होते ही उपभोक्ताओं के पास उसका मैसेज आएगा। यह उपभोक्ता की मर्जी होगी कि वह मैसेज आधार पर बिल भर देता है या नहीं। कोई उपभोक्ता चाहे तो अपना अकाउंट नंबर बताकर काउंटर पर बिल जमा करा सकता है।
बिल बाउचर का नहीं करना पड़ेगा इंतजार
मैसेज सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को बिल बाउचर से मुक्ति मिल जाएगी। अकसर देखने मेें आता है कि ज्यादातर उपभोक्ताओं के पास उनका बिल बाउचर नहीं पहुंच पाता। इससे उपभोक्ता समय पर बिल नहीं भर पाते थे। आने वाले समय में यह परेशानी खत्म हो जाएगी।