पानीपत। जिला सचिवालय के सामने 14 दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल अंसल निवासी राजेंद्र सिंह (62) की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उन्होंने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के समय पत्नी ने टैंकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें सड़क हादसे में मृत्यु की धारा बढ़ाई जाएगी।
अंसल निवासी निर्मला ने बताया कि वह ऊझा गांव की रहने वाले हैं। वह समाजसेविका हैं और उनके पति राजेंद्र सिंह अंसल में सिक्योरिटी गार्ड थे। 12 दिसंबर को उनके पति उन्हें लेने के लिए एक्टिवा से जिला सचिवालय आए थे। जब वह वापस जाने लगे और जिला सचिवालय के वीआईपी गेट के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आए एक तेल के टैंकर ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी थी। हादसे में उनके पति और वह दोनों घायल हो गए थे। घायलों को तुरंत ही जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पति की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रोहतक भेज दिया था। परिजनों ने उन्हें पानीपत के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। पर पर वीरवार रात को उनकी मौत हो गई।
हादसे में घायल की मौत होने के बाद पुलिस ने उनका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मृतक की पत्नी की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वर्जन
हादसे में घायल की मौत होने की सूचना मिली थी। मृतक की पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मुकेश, प्रभारी थाना शहर।