सेक्टर-29 बाईपास रोड के नमूने भरवाते मेयर कोमल सैनी। संवाद
पानीपत। शहर के चार प्रमुख औद्योगिक सेक्टरों के बीच से गुजरने वाले सेक्टर-29 बाईपास की सड़क में प्रयुक्त सामग्री पर सवाल उठे हैं। चारों सेक्टरों के प्रधानों ने आगे आकर मेयर कोमल सैनी को इसकी शिकायत दी है। निगम निगम के ठेकेदार के चार दिन पहले की करीब सवा करोड़ की प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया है। मेयर कोमल सैनी ने मामला सामने आने पर शुक्रवार को खुद खड़े होकर श्रीराम लैब से सड़क के नमूने भरवाए हैं।
जीटी रोड सेक्टर-29 से सनौली रोड को बबैल नाके से जोड़ने वाले बाईपास रोड की एक तरफ की सड़क नगर निगम ने बनाई है। जीटी रोड पर महाराजा अग्रसेन चौक तक करीब सवा दो करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर नगर निगम के एक ठेकेदार को दिया था। उद्यमियों व अन्य लोगों ने निर्माण सामग्री पर पहले दिन ही सवाल उठाए थे। इसके बाद भी किसी प्रकार का सुधार नहीं किया गया। औद्योगिक सेक्टर-25-वन, 25-टू, 29-वन और 29-टू की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने आगे आकर मेयर कोमल सैनी को शिकायत दी थी।
मेयर कोमल सैनी ने शुक्रवार को श्रीराम लैब की टीम को साथ लेकर सेक्टर-29 बाईपास सड़क के तीन नमूने भरवाए। उन्होंने औद्योगिक सेक्टर के प्रधानों को मौके पर बुलाया। आरोप हैं कि ठेकेदार ने लैब की टीम को साथ लेकर अपनी मर्जी की जगह से नमूने भराने की तैयारी कर ली थी। उद्यमियों ने इस पर एतराज जताया। इसके बाद उनकी मर्जी से तीन जगह से नमूने भरे गए। वहीं वार्ड-12 में कुटानी रोड पर एक गली और नाले की सामग्री के नमूने भरवाए।
प्रधानों ने ये लगाए थे आरोप
सेक्टर-29 एक के प्रधान श्रीभगवान अग्रवाल, सेक्टर-29-टू के प्रधान नीतिन अरोड़ा, सेक्टर-25-वन के प्रधान एचएस धम्मू और सेक्टर-25 टू के प्रधान आशीष जैन ने बताया कि चारों सेक्टरों में औद्योगिक इकाइयां है। उद्यमियों के वजनी ट्रक इसी सड़क से होकर आते-जाते हैं।वहीं उद्यमी और श्रमिकों को भी इसी सड़क से आना-जाना होता है। सड़क की निर्माण सामग्री गुणवत्तापूर्वक नहीं लगाई है। यह अभी उखड़ने लगी है। वजनी ट्रक चलने के बाद एक ही बारिश में पूरी सड़क बिखर जाएगी। ऐसे में सरकार के पैसे को अनदेखी के चलते बर्बाद किया जा रहा है।
निगम के विकास कार्यों में पारदर्शिता लाई जा रही है। इसके साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्वक सामग्री का प्रयोग करने के आदेश दिए गए हैं। ठेकेदारों को भी इसकी हिदायत दी जा चुकी हैं। उद्यमियों की मांग पर बाईपास की सड़क के नमूने भरवाए गए हैं। अधिकारियों को नमूनों की रिपोर्ट आने तक ठेकेदार का संबंधित काम का भुगतान न करने के आदेश दिए हैं।
कोमल सैनी, मेयर।