पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। मंगलवार को 12वीं कक्षा के इतिहास व जीव विज्ञान विषय के पेपर में भी विद्यार्थी नकल करने से नहीं रुके। बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्तों की टीमों ने जिले में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों में निरीक्षण करते हुए उड़नदस्तों की टीमों ने आठ नकलची पकड़े।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू हुई थी। बोर्ड परीक्षाओं के शुरू होते ही नकल का सिलसिला भी शुरू हो गया था। शिक्षा अधिकारी लगातार नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के दावे कर रही है, लेकिन बोर्ड परीक्षाओं में नकल के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। कई केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप बहुत ज्यादा है। पुलिस की सख्ती के बावजूद युवा परीक्षा केंद्रों की दीवार फांदकर खिड़कियों के सहारे पर्चियां अंदर डाल रहे हैं।
मंगलवार को 12वीं कक्षा की इतिहास व जीव विज्ञान परीक्षा ली गई। उक्त परीक्षाओं के दौरान भी नकल का खेल चलता दिखा। बोर्ड फ्लाइंग टीम ने अलग-अलग केंद्र पर आठ विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। नकल के खेल को रोकने में बोर्ड व विभागीय अधिकारियों से लेकर खाकी भी नाकाम साबित दो रही है। इतना ही नहीं, बल्कि रोकने पर केंद्र अधीक्षकों तक को बाहरी युवक धमकी मिल रही है। पिछले दिनों भी एक केंद्र अधीक्षक ने केस दर्ज कराया था।
बोर्ड प्रश्न पत्र उड़नदस्ता इंचार्ज जिला पानीपत बलवान मेहरा ने बताया कि मंगलवार को 12वीं की इतिहास व जीव विज्ञान की परीक्षा के दौरान आठ विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। इसमें एसडी सीसे कन्या स्कूल सेंटर नंबर 22 में एक, एसडी ब्वायज सीसे स्कूल सेंटर नंबर 27 में एक, राजकीय सीसे स्कूल डाहर में एक, राजकीय सीसे स्कूल मांडी में तीन व राजकीय सीसे स्कूल वजीरपुर टिटाना में दो विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। सभी के केस बनाकर बोर्ड को भेज दिए गए हैं। इससे पहले भी बोर्ड फ्लाइंग टीमों द्वारा हर रोज नकल के केस बनाए जा रहे हैं।
मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्तों की टीमों ने छापेमारी कर आठ विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। परीक्षा में नकल रोकने के लिए लगातार कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्र अधीक्षक व पर्यवेक्षकों को भी नकल रोकने की सख्त हिदायतें दी गई हैं।
- रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।
-----------
--