पानीपत। नगर निगम की ओर से इंसार बाजार में बनाए जा रहे 70 लाख रुपये के नाले की गुुणवत्ता पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इसकी एक वीडियो तक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिखाया जा रहा है कि एक छोटी हथोड़ी की चोट से स्लैब कैसे टूट जाती है। इस पर शहरवासी सवाल उठा रहे हैं कि जब स्लैब एक हलकी चोट बर्दाश्त नहीं कर सकी तो इसके ऊपर से रोजाना गुजरने वाले लोगों का वजन कैसे सहन करेगी। इसके निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इसकी एक शिकायत निगम अधिकारियों को भी दी गई है।
गौरतलब है कि यह वही नाला है जिसका कुछ समय पहले निगम की शहरी विंग के एक्सईएन नवीन सहरावत ने दौरा किया था। उन्हें खुद निर्माण में अनियमितताएं मिली थी जिस पर उन्होंने ठेकेदार को मौके पर बुलाकर फटकार तक लगाई थी। इसके बाद फिर से काम में अनियमितता मिलने और समय पर काम पूरा न करने को लेकर निगम की ओर से क्लॉज-2 के तहत नोटिस तक जारी किया गया था। इसमें एजेंसी पर जुुर्माना लगाने तक का प्रावधान था।
नहीं सुधरेंगे हालात-
इंसार बाजार के प्रधान गौरव लीखा ने बताया कि ऐेसे तो बाजारों की सालों पुरानी निकासी की समस्या का लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी समाधान नहीं होगा। नाले के निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। खुद निगम अधिकारी इसका मौके पर निरीक्षण कर चुके हैं बावजूद घटिया सामग्री से स्लैब बनाई जा रही है। नाले का लेवल तक सही नही है, जिससे बरसाती पानी की निकासी में समस्या उत्पन्न हो सकती है।
होगी कड़ी कार्रवाई- एक्सईएन
संबंधित काम का मौके पर निरीक्षण कर ठेकेदार को सही काम करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद नोटिस तक जारी किया गया। अगर अब भी सही काम नहीं होता है तो एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -नवीन सहरावत, एक्सईएन, नगर निगम, पानीपत।