मुख्य आरोपी बीकॉम का विद्यार्थी, बुलावे पर स्कूल-कॉलेज छोड़ झगड़े में पहुंचे थे युवक दो बाइक और आठ डंडे बरामद
-पुलिस पहले ही कर चुकी है दो आरोपियों को गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला कोर्ट परिसर की पार्किंग में गवाहों पर जानलेवा हमले के मामले में थाना शहर पुलिस ने आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इनमें ज्यादातर आरोपी स्कूल और कॉलेज में पढ़ते हैं। वे एक आरोपी के बुलावे पर झगड़े में शामिल हुए थे। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि आठ अक्तूबर को कवी गांव निवासी अमित अपने साथियों के साथ कोर्ट में पेशी पर आया था। वकीलों के चैंबर के पीछे जाते समय जतिन उर्फ काटा, सुमित, शुभम भट्टी, वैभव और उनके 8-10 साथियों ने रास्ता रोककर अमित, अक्षय उर्फ जोंटी और नईम पर डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि अक्षय के गले से दो तोले की सोने की चेन भी छीन ली गई। हमलावरों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। शिकायत के आधार पर थाना शहर पुलिस ने इसमें प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
दो बाइक और आठ डंडे बरामद
थाना शहर प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुमित उर्फ मीतू निवासी खुखराना, रोहित निवासी सुताना, जतिन उर्फ बच्ची निवासी राहड़ा, विलास राज उर्फ भोला, अंकुश उर्फ गोपी, सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू निवासी ऊंटला, सोहिल खान निवासी थिराना और कुणाल उर्फ लीला निवासी सुताना हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और आठ डंडे बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि सुमित उर्फ मीतू शहर के एक कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। अन्य आरोपी भी स्कूल-कॉलेज में पढ़ते हैं और उसके बुलावे पर पहुंचे थे। आठों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
30