संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। नगर निगम ने फॉगिंग के लिए आठ मशीन खरीदी हैं। इसके साथ ही फॉगिंग का शेड्यूल भी बना लिया है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने इसके लिए मंगलवार को जिला सचिवालय में डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
अतिरिक्त आयुक्त डाॅ. पंकज ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए फॉगिंग करने का शेड्यूल तैयार किया गया है। शहर में वार्ड अनुसार फॉगिंग की जाएगी। जिन गांवों में पिछले वर्ष डेंगू के मरीजों की संख्या ज्यादा थी, उन गांवों में भी फॉगिंग कराई जाएगी। इसके लिए निगम ने नई मशीन खरीदी हैं। जहां-जहां पानी दिखाई देता है। वहां पर काले तेल का छिड़काव किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवहन की बसों पर डेंगू से संबंधित जागरूकता की पट्टी लगवाई जाएंगी। बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थान पर चिप के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्कूलों में प्रार्थना के समय डेंगू से संबंधित पंफ्लेट पढ़कर बच्चों को जागरूक किया जाएगा। जिला नागरिक अस्पताल में डेंगू वार्ड स्थापित किए गए हैं। वहीं प्रत्येक सीएचसी व पीएचसी में भी एक या दो बेड का डेंगू वार्ड बनाया जाएगा।
सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों की ओपीडी में बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे। प्रति वर्ष मई से अक्टूबर तक (हर महीने की पहली से 15 तारीख तक) बुखार जन सर्वेक्षण किया जाता है। इस बार भी इस पर जन सर्वेक्षण करवाया जा रहा है।